जबलपुर। हनुमानताल थाना अंतर्गत चार खंबा क्षेत्र में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पुरानी रंजिश के चलते पांच बदमाशों ने एक घर में घुसकर पिता और पुत्र पर तलवार से प्राणघातक हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि आरोपी घर में रखे करीब 50 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।
पीड़ितों के अनुसार, वे घर पर मौजूद थे, तभी उनका बेटा जान बचाकर भागते हुए अंदर आया। उसके पीछे-पीछे एल्फेज, असलम, आजम और उनके अन्य साथी हाथों में तलवार और चाकू लेकर घर में घुस आए। आरोपियों ने पहले बेटे पर हमला किया। पिता ने बीच-बचाव की कोशिश की तो बदमाशों ने उन पर भी तलवार से वार कर दिया।
हमले के बाद आरोपी नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए। घायल पिता–पुत्र गुरुवार सुबह करीब 11 बजे हनुमानताल थाने पहुंचे और पूरी घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।


