जबलपुर के जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां नौकरी दिलाने का झांसा देकर 22 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने विश्वविद्यालय में पदस्थ एक बाबू और एक प्यून को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने अधारताल थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में बताया कि उसने नौकरी से संबंधित एक विज्ञापन देखकर जानकारी के लिए फोन किया था। यह कॉल कृषि विश्वविद्यालय में यूडीसी के पद पर कार्यरत बाबू दुर्गा शंकर ने उठाया। बातचीत के दौरान आरोपी ने उसे नौकरी लगाने का भरोसा दिलाया और संपर्क में बने रहने को कहा।
अगले दिन दुर्गा शंकर ने युवती को जरूरी दस्तावेज लेकर कृषि नगर स्थित विश्वविद्यालय के ही प्यून मुकेश सेन के घर बुलाया। पीड़िता के अनुसार, जैसे ही वह नौकरी को लेकर बातचीत के लिए मुकेश सेन के कमरे में पहुंची, दुर्गा शंकर के इशारे पर मुकेश सेन ने कमरे को बाहर से बंद कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलने के बाद पीड़िता सीधे थाने पहुंची और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों दुर्गा शंकर और मुकेश सेन को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के सामने आने के बाद कृषि विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।


