नए साल के जश्न से पहले अवैध शराब की तस्करी तेज हो गई है। शुक्रवार को जहां आबकारी विभाग ने गढ़ा और गोरखपुर क्षेत्र में दबिश देकर करीब साढ़े आठ लाख रुपये की शराब जब्त की थी, वहीं शनिवार रात अधारताल थाना पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए बाईपास रोड पर पिकअप वाहन से लाखों रुपये की अवैध शराब पकड़ी है।
अधारताल थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि शनिवार रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि पनागर की ओर से एक पिकअप वाहन अवैध शराब लेकर जबलपुर शहर की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बाईपास पर घेराबंदी की। जैसे ही संदिग्ध पिकअप वाहन को रोका गया, चालक मौके से फरार हो गया, जबकि वाहन में सवार एक युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि पिकअप वाहन में कार्टूनों में भरी अवैध शराब रखी हुई थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने शराब के साथ पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया है।
थाना प्रभारी के अनुसार, हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और जबलपुर शहर में इसे किन स्थानों पर खपाने की योजना थी। फरार चालक की तलाश भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नए साल को देखते हुए अवैध शराब के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।


