जबलपुर। सोमवार सुबह रामपुर छापर स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय का माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब छात्र-छात्राएं हॉस्टल से बाहर निकलकर नारेबाजी करते हुए सड़क पर आ गए। बच्चों के सड़क पर आने की सूचना मिलते ही विद्यालय प्रबंधन और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।
आक्रोशित छात्र-छात्राओं का कहना था कि वे अपनी समस्याओं को लेकर कलेक्टर से मिलने जा रहे थे। छात्रों ने आरोप लगाया कि विद्यालय की प्राचार्य द्वारा उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। उनका यह भी कहना था कि इस संबंध में पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे वे बेहद परेशान और आक्रोशित हैं।
सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ और छात्रों को रामपुर जोगनी मंदिर के पास ही रोक लिया गया। मौके पर एसडीएम अनुराग सिंह पहुंचे और स्थिति को संभालते हुए बच्चों से संवाद किया। एसडीएम ने सड़क पर ही बैठकर छात्रों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद छात्रों का आक्रोश कुछ हद तक शांत हुआ और वे वापस विद्यालय परिसर की ओर लौटे। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच और छात्रों की शिकायतों पर आगे की कार्रवाई की बात कह रहा है।


