जबलपुर की जीआरपी पुलिस ने प्लेटफॉर्म पर चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में घूम रहे युवक को हिरासत में लेकर जब उसके बैग की तलाशी ली, तो उसमें से लैपटॉप, मोबाइल फोन, चार्जर, पैन ड्राइव सहित अन्य सामग्री बरामद हुई।
पकड़े गए आरोपी की पहचान कमलेश कुशवाह निवासी बांधा के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने यह बैग दानापुर एक्सप्रेस ट्रेन से चोरी किया था। जीआरपी पुलिस ने मौके पर ही चोरी का पूरा मशरूका जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पूर्व से भी चोरी के मामलों में संलिप्त रहा है और उसके खिलाफ पहले से रिकॉर्ड दर्ज हैं। फिलहाल आरोपी से सघन पूछताछ की जा रही है, जिसमें अन्य ट्रेनों में की गई चोरियों का खुलासा होने की भी संभावना जताई जा रही है।


