जबलपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कमानिया स्थित बड़कुल स्वीट्स में नाश्ते के दौरान ठंडी भजिया मिलने की बात पर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। मामूली कहासुनी ने इतना तूल पकड़ लिया कि दोनों पक्षों के लोग मौके पर पहुंच गए और आपस में मारपीट पर उतारू हो गए, जिससे पूरे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, राजकुमार जैन नामक व्यापारी नाश्ता करने बड़कुल स्वीट्स पहुंचे थे, जहां उन्हें ठंडी भजिया परोसी गई। इसी बात को लेकर होटल कर्मियों से विवाद हुआ। आरोप है कि इस दौरान होटल कर्मी ने न केवल गाली-गलौज की, बल्कि समाज विशेष के खिलाफ अपशब्द भी कहे और कुछ लोगों को बुलाकर मारपीट की कोशिश की। जैसे ही यह बात जैन समाज के लोगों तक पहुंची, सैकड़ों की संख्या में लोग कमानिया पहुंच गए और विरोध शुरू कर दिया।
स्थिति बिगड़ते देख कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन जैन समाज के लोग समाज के खिलाफ अपशब्द कहने वाले को सामने लाने की मांग पर अड़े रहे। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस के साथ भी हाथापाई की, जिसके बाद हालात और बिगड़ गए। तनाव को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा और लाठियां भी चलाई गईं।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सचिन, अतुल पटेल और रोहित राजपूत को हिरासत में लिया है। इस दौरान जैन समाज के लोगों ने पुलिस पर लाठीचार्ज का आरोप लगाते हुए नारेबाजी भी की। हालात को काबू में करने के लिए मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंचे और करीब छह थानों का पुलिस बल तैनात किया गया।
एडिशनल एसपी आयुष गुप्ता ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है। एहतियातन कमानिया फुहारा क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। देर रात तक कोतवाली थाने में गहमागहमी का माहौल बना रहा, हालांकि फिलहाल शांति व्यवस्था कायम है।


