तेहरान, 7 जनवरी हाल के दिनों में ईरान में हालात काफी बिगड़ गए हैं। आर्थिक हालात खराब होने और कई संकट एक साथ होने के कारण देश के अलग-अलग हिस्सों में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़पों में अब तक कम से कम 27 लोगों की मौत की खबर है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में मंगलवार रात ईरान के इलम प्रांत के अबदानान शहर में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरती दिखे। बीते एक हफ्ते में इस शहर में कई बड़े प्रदर्शन हो चुके हैं।
वीडियो में देखा गया कि छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, लोग अपने परिवारों के साथ सड़कों पर मार्च कर रहे हैं और नारे लगा रहे हैं। इस दौरान ऊपर आसमान में हेलीकॉप्टर भी मंडराते दिखे। प्रदर्शनकारियों की संख्या वहां मौजूद सुरक्षा बलों से कहीं ज्यादा नजर आई।
नॉर्वे में स्थित एक मानवाधिकार संगठन के अनुसार, सुरक्षा बलों की कार्रवाई में कम से कम 27 प्रदर्शनकारियों की जान चली गई है। इनमें 18 साल से कम उम्र के पांच बच्चे भी शामिल हैं।
मौजूदा विरोध को ईरान में हाल के वर्षों का सबसे बड़ा आंदोलन माना जा रहा है। इससे पहले 2022 और 2023 में पूरे देश में प्रदर्शन हुए थे, जो एक युवती की हिरासत में मौत के बाद शुरू हुए थे। उस युवती को महिलाओं के लिए सख्त ड्रेस कोड का उल्लंघन करने के आरोप में हिरासत में लिया गया था।


