कुरई – कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले एवं पुलिस अधीक्षक श्री सुनील मेहता ने शुक्रवार को कुरई विकासखंड में नवीन रूप से बसाए जा रहे नवीन कर्माझिरी ग्राम का भ्रमण कर चल रहे पुनर्वास एवं विकास कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विस्थापित परिवारों से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों को जाना।इस अवसर पर ग्रामीणों ने कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले, पुलिस अधीक्षक श्री सुनील मेहता सहित अन्य अधिकारियों का खुले दिल से स्वागत किया। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने ग्राम में आवास निर्माण, पेयजल, विद्युत, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आजीविका से जुड़ी व्यवस्थाओं की स्थिति की जानकारी ली। ग्रामीणों द्वारा दिए गए सुझावों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता, समय-सीमा एवं समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती पटले ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि विकास कार्यों को तेजी से पूर्ण करते हुए नवीन कर्माझिरी ग्राम को सभी मूलभूत सुविधाओं से युक्त एक आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा।निरीक्षण के दौरान उप संचालक पेंच टाइगर रिजर्व श्री रजनीश सिंह, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री प्रशांत उइके सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


