जबलपुर। समन्वय परिवार जबलपुर के तत्वावधान में पूज्य महामंडलेश्वर स्वामी अखिलेश्वरानंद गिरि जी महाराज के मुखारविंद से त्रिदिवसीय समन्वय साधना प्रवचन माला का शुभारंभ हुआ। प्रवचन माला के अंतर्गत विषय “श्रीमद्भगवत गीता – जीवन का अमर पाथेय” पर प्रवचन प्रारंभ किए गए।
इस अवसर पर बताया गया कि पूज्य महाराज श्री को युवावस्था में ही संपूर्ण श्रीमद्भगवत गीता कंठस्थ हो गई थी और वे अनेक अवसरों पर श्रीमद्भगवत गीता के गूढ़ तत्वों पर प्रवचन करते रहे हैं।
आयोजकों के अनुसार, यह पहला अवसर है जब पूज्य स्वामी अखिलेश्वरानंद गिरि जी महाराज तीन दिनों में श्रीमद्भगवत गीता का सम्पूर्ण सार जबलपुर की सुधि जनता के समक्ष प्रस्तुत कर रहे हैं। प्रवचन माला में जीवन, कर्म, भक्ति और आत्मिक समन्वय पर विशेष प्रकाश डाला जा रहा है।
समन्वय परिवार ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे इस आध्यात्मिक आयोजन में सहभागिता कर श्रीमद्भगवत गीता के उपदेशों को अपने जीवन में आत्मसात करने का प्रयास करें।


