जबलपुर के आधारताल थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। सगाई के बाद युवती द्वारा शादी से इनकार किए जाने से नाराज उसके पूर्व मंगेतर ने चाकू से गोदकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। इस दिल दहला देने वाली वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक और मृतक युवती की कुछ समय पहले सगाई हुई थी, लेकिन बाद में किसी कारणवश युवती ने शादी करने से इनकार कर दिया था। इसी बात को लेकर आरोपी युवक मन में रंजिश पाल बैठा और उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर युवती पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आधारताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस की मुस्तैदी के चलते कुछ ही घंटों के भीतर मुख्य आरोपी सहित उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे मुख्य कारण शादी से इनकार और आपसी विवाद सामने आया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।


