जबलपुर। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत धनवंतरी नगर चौकी के परसवाड़ा इलाके में मंगलवार रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब चार शातिर बदमाशों ने पता पूछने और शराब के पैसे मांगने के विवाद में दो युवकों पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से प्राणघातक हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार परसवाड़ा निवासी विकास चौधरी अपने दोस्त विक्की रजक के साथ खाना खाने के बाद घर के बाहर टहलने निकला था। इसी दौरान बाइक से पहुंचे सतपाल ठाकुर, शरद ठाकुर, सौरभ ठाकुर और सोनू बर्मन ने युवकों को रोककर पहले पता पूछा और फिर शराब पीने के लिए रुपए मांगने लगे। जब युवकों ने पैसे देने से इनकार किया, तो बदमाशों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते मारपीट पर उतर आए।
परिजनों के मुताबिक आरोपियों ने हाथ-मुक्कों के साथ-साथ चाकू और बीयर की बोतल से हमला किया। सौरभ ठाकुर ने बीयर की बोतल से विकास चौधरी के सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायल विकास को परिजन तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही धनवंतरी नगर चौकी और संजीवनी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल शैलेन्द्र माझी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(ए), 115(2), 118(1), 119(1), 351(3) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर सतपाल ठाकुर, शरद ठाकुर, सौरभ ठाकुर और सोनू बर्मन को गिरफ्तार कर लिया है। धनवंतरी नगर चौकी प्रभारी ने बताया कि सभी आरोपी मोहल्ले के ही निवासी हैं और पहले भी विवादों में शामिल रह चुके हैं। पुलिस आगे की जांच कर रही है।


