जबलपुर।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में लगातार साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में स्कूलों और कॉलेजों में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी जा रही है।
शुक्रवार 16 जनवरी को उप पुलिस अधीक्षक उदयभान बागरी द्वारा सत्यप्रकाश स्कूल में छात्र-छात्राओं के लिए विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सोशल मीडिया फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी, कस्टम फ्रॉड, ऑनलाइन धोखाधड़ी एवं चाइल्ड पोर्नोग्राफी जैसे गंभीर साइबर अपराधों की जानकारी दी गई। साथ ही इन अपराधों से सुरक्षित रहने के उपायों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में साइबर सेल जबलपुर से उप निरीक्षक नीरज नेगी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, मजबूत पासवर्ड और संदिग्ध लिंक से बचने की सलाह दी।
पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी का मोबाइल फोन गुम हो जाए तो तत्काल संबंधित थाने में सूचना दें और http://www.ceir.gov.in पोर्टल पर पंजीकरण कराएं। वहीं साइबर ठगी या संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या http://www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।


