जबलपुर। शहर को साफ-स्वच्छ बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के सख्त निर्देशों के पालन में आज संभाग क्रमांक 3 रामपुर के अंतर्गत स्वच्छता अभियान के तहत विशेष जॉंच अभियान चलाया गया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वाले दो संस्थानों पर कुल 7,000 रुपये का स्पॉट फाइन किया गया।
इस संबंध में सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अनिल बारी ने बताया कि स्वच्छता के प्रति लापरवाही बरतने वालों को कड़ा संदेश देते हुए निगम की टीम ने हरिओम डेरी ग्वारीघाट अवधपुरी कॉलोनी के सामने स्थित इस डेयरी के संचालक प्रेम रजक द्वारा दुकान के पीछे भारी गंदगी पाई गई। जन स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए टीम ने उन पर 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया। इसी प्रकार सेठी नगर स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के सामने डिस्पोजल और पाउच का अंबार पाए जाने पर राजेंद्र जायसवाल के विरुद्ध 2,000 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।
*जन स्वास्थ्य सर्वोपरि*
नगर निगम के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाना न केवल शहर की सुंदरता को बिगाड़ता है, बल्कि यह जन स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत हानिकारक है। इस तरह की कार्रवाइयों का मुख्य उद्देश्य नागरिकों और व्यवसायियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है ताकि जबलपुर को एक आदर्श स्वच्छ शहर बनाया जा सके। कार्यवाही के समय सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अनिल बारी, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक वैभव तिवारी, स्वच्छता निरीक्षक अमन चौरसिया और सुपरवाइजर राज अर्खेल की टीम उपस्थित रही।
निगमायुक्त ने अपील की है कि “शहर आपका है, इसे साफ रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। डस्टबिन का प्रयोग करें और कचरा सड़कों या खुले स्थानों पर न फेंकें।“


