जबलपुर। पाटन तहसील के साकरा गांव में गुरुवार शाम बिजली बिल वसूली के दौरान विद्युत विभाग की टीम पर हुए हमले का वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में किसान सौरभ जैन जूनियर इंजीनियर मनोज दुबे के साथ मारपीट करता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। घटना के समय जूनियर इंजीनियर अपनी गाड़ी में बैठे हुए थे, तभी सौरभ जैन ने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। वीडियो में यह भी दिख रहा है कि कुछ देर बाद एक अन्य व्यक्ति सौरभ को पकड़ने की कोशिश करता है, लेकिन वह खुद को छुड़ाकर मौके से फरार हो जाता है।
जानकारी के मुताबिक, बिजली कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जूनियर इंजीनियर मनोज दुबे अपनी टीम के साथ ओवरलोड बिजली उपयोग करने वालों से बिल और जुर्माना वसूलने साकरा गांव पहुंचे थे। इसी दौरान किसान सौरभ जैन के मोटर पंप पर अधिक लोड पाए जाने पर उससे जुर्माना मांगा गया। इस बात को लेकर दोनों के बीच पहले बहस हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई।
मारपीट की घटना में जूनियर इंजीनियर मनोज दुबे के चेहरे पर चोट आई है। घटना के बाद उन्होंने पाटन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सौरभ जैन के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
वहीं आरोपी सौरभ जैन का कहना है कि उसके मोटर पंप का लोड बिना वजह बढ़ा दिया गया था, इसी बात को लेकर विवाद हुआ। फिलहाल पुलिस सौरभ जैन और उसके पिता की तलाश में जुटी हुई है। वायरल वीडियो के आधार पर भी मामले की जांच की जा रही है।


