जबलपुर। शहर के रांझी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार पेट्रोल टैंकर की टक्कर से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा रात करीब 10:30 बजे रांझी से गोकलपुर मार्ग पर हुआ, जहां टैंकर ने एक्टिवा सवार युवक को टक्कर मारते हुए कुचल दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान रिंकू चौरसिया के रूप में हुई है, जो रांझी गांधी व्यायाम शाला के पास का निवासी था। बताया जा रहा है कि रिंकू काम से लौटकर एक्टिवा से अपने घर जा रहा था, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार पेट्रोल टैंकर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रिंकू की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे को अंजाम देने के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अधारताल क्षेत्र में नाकाबंदी कर टैंकर को पकड़ लिया। पुलिस ने टैंकर को जब्त कर लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर नगर निगम द्वारा पाइपलाइन बिछाने का काम लंबे समय से चल रहा है, जिसके कारण सड़क संकरी हो गई है और एक तरफ से ही यातायात संचालित हो रहा है। इसी अव्यवस्था के चलते आए दिन ट्रैफिक जाम और सड़क हादसे हो रहे हैं। लोगों ने नगर निगम की धीमी कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर रांझी अस्पताल भिजवाया गया। परिजनों को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, वे मौके पर पहुंच गए, जहां माहौल गमगीन हो गया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक का पोस्टमार्टम शनिवार को मेडिकल कॉलेज में कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद टैंकर चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


