April 3, 2026
सी टाइम्स
खेल

प्रीमियर लीग: मैनचेस्टर सिटी को 2-0 से हराकर जीत की राह पर वापस लौटी मैनचेस्टर यूनाइटेड


मैनचेस्टर, 17 जनवरी । मैनचेस्टर यूनाइटेड ने शनिवार को प्रीमियर लीग में मैनचेस्टर सिटी को 2-0 से मात दी। इससे मेहमान टीम की प्रीमियर लीग खिताब की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा। इस जीत के साथ मैनचेस्टर यूनाइटेड के केयरटेकर मैनेजर के रूप में माइकल कैरिक ने अपनी वापसी को यादगार बनाया है।

दूसरे हाफ में ब्रायन म्बेउमो और पैट्रिक डॉर्गु के गोलों ने यूनाइटेड की जीत सुनिश्चित की। घरेलू दर्शकों के सामने यूनाइटेड ने इस सीजन का अपना सबसे संतुलित और प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

तनावपूर्ण पहले हाफ के बाद, यूनाइटेड ने 65वें मिनट में ब्रायन म्बेउमो के गोल से बढ़त हासिल की। अफ्रीका कप ऑफ नेशंस से हाल ही में लौटे म्बेउमो तक यह मौका तेज काउंटर-अटैक के जरिए पहुंचा, जिसकी शुरुआत कप्तान ब्रूनो फर्नांडिस ने की। ब्रूनो ने बाईं ओर म्बेउमो को पास दिया और फॉरवर्ड ने संयम बनाए रखते हुए गोलकीपर को छकाकर सटीक फिनिश किया।

इसके 11 मिनट बाद यूनाइटेड ने बढ़त दोगुनी कर ली। 76वें मिनट में बॉक्स के भीतर पैट्रिक डॉर्गू ने शानदार फुर्ती दिखाई। सिटी के डिफेंडर रिको लुईस प्रतिक्रिया देने में धीमे थे, जिसका फायदा उठाते हुए डॉर्गू ने मथियस कुन्हा की लो क्रॉस पर दौड़ लगाई और गेंद को नेट में पहुंचा दिया।

मैच के दौरान मैनचेस्टर यूनाइटेड ने कई मौके बनाए और वे इससे कहीं बड़े अंतर से जीत हासिल कर सकते थे। अंत के क्षणों में अमाद डायलो का शॉट पोस्ट से टकराया, जबकि यूनाइटेड के तीन गोल के मौके बेकार हुए। मैनचेस्टर सिटी के गोलकीपर जियानलुइगी डोनारुम्मा ने शानदार बचावों की झड़ी लगाकर अपनी टीम को मुकाबले में बनाए रखा और डॉर्गू, डायलो, कासेमिरो और म्बेउमो के प्रयासों को नाकाम किया।

इस हार से मैनचेस्टर सिटी लगातार चार मैचों में प्रीमियर लीग की जीत से वंचित रह गई है और उनके खिताब की चुनौती पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वीकेंड में प्रतिद्वंद्वी टीमों के मुकाबले बाकी होने के कारण, अंकतालिका में शीर्ष स्थान पर सिटी के और पिछड़ने का खतरा बढ़ गया है।

वहीं, मैनचेस्टर यूनाइटेड के लिए यह जीत उन्हें अस्थायी रूप से चौथे स्थान पर ले आई और केयरटेकर कोच के रूप में माइकल कैरिक के दूसरे कार्यकाल की शानदार शुरुआत साबित हुई। यूनाइटेड अब लीग में अगला मुकाबला आर्सेनल के खिलाफ उसके मैदान पर खेलेगी, जबकि मैनचेस्टर सिटी घरेलू मुकाबलों में लौटने से पहले यूरोपीय प्रतियोगिताओं पर ध्यान केंद्रित करेगी।

अन्य ख़बरें

आईपीएल 2026: केकेआर को 65 रन से हराकर एसआरएच ने खोला जीत का खाता

Newsdesk

यह वही मैच जिताऊ प्रदर्शन है, जिसका लंबे समय से इंतजार था: नितीश कुमार रेड्डी

Newsdesk

सैफ अंडर-20: चार बार की चैंपियन भारतीय टीम की फाइनल में बांग्लादेश से होगी भिड़ंत

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading