April 3, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

बरेला हाइवे पर क्रेटा का कहर – खाना खा रहे मजदूरों को रौंदा
2 मजदूरों की मौत, डेढ़ दर्जन से ज्यादा घायल



जबलपुर। बरेला हाइवे पर रविवार दोपहर जो हुआ, उसने एक बार फिर रफ्तार और लापरवाही की भयावह तस्वीर सामने रख दी। बरेला थाना क्षेत्र के एकता चौक के पास तेज रफ्तार क्रेटा कार सड़क किनारे बैठे मजदूरों के लिए मौत बनकर आई। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 20 मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में से सात की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।

इस तरह हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, हादसा दोपहर करीब दो बजे हुआ। डिवाइडर में लगी लोहे की रेलिंग की सफाई का कार्य पूरा करने के बाद लगभग 24 मजदूर सड़क किनारे बैठकर भोजन कर रहे थे। इसी दौरान बरेला से जबलपुर की ओर आ रही सफेद क्रेटा कार तेज रफ्तार में अचानक अनियंत्रित हो गई और मजदूरों को कुचलते हुए आगे निकल गई। पल भर में घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और सड़क खून से सन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टक्कर इतनी तेज थी कि कई मजदूर दूर जा गिरे। हादसे के बाद चालक कार सहित मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस और डायल 108 को सूचना दी, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

नहीं मिला सम्हलने का मौका

घायल मजदूर महंत उइके ने बताया कि सभी मजदूर आराम से खाना खा रहे थे, तभी अचानक तेज आवाज के साथ कार ने सामने बैठे साथियों को रौंद दिया। किसी को संभलने का मौका नहीं मिला और कई साथी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
सूचना मिलते ही बरेला पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ मजदूरों की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।

मामला दर्ज, सीसीटीवी का सहारा

बरेला थाना प्रभारी अनिल पटेल ने बताया कि अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों और टोल नाकों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

व्यवस्था पर उठे सवाल

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क पर काम कर रहे मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लापरवाही और असावधानी ने दो परिवारों से उनका सहारा छीन लिया, जबकि कई मजदूर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।

कलेक्टर एसपी पहुंचे मेडिकल

कलेक्टर व एसपी ने तुरंत मेडीकल अस्पताल पहुंचकर देखी उपचार व्यवस्था

बरेला में दर्दनाक सड़क हादसा: 2 की मौत, 12 घायल

बताया गया है कि मंडला जिले के बम्होरी गांव के 2 लोगों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई और 12 लोग घायल हो गए, जिनमें से 2 की स्थिति गंभीर है। हादसा उस समय हुआ जब मजदूर दोपहर का भोजन कर रहे थे, तभी एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी।

घायलों को तुरंत मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल भेजा गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने घटना की जानकारी मिलते ही मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों के इलाज की व्यवस्था देखी और संबंधित चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश दिए।

मृतकों में चैनवती (35) और लच्छो बाई (38) हैं, जबकि घायलों में गोमती बाई (40), राजकुमारी (37), वर्षा बाई (39), कृष्णा बाई (41), अकलवती (36), प्रभावती (40), मीरा बाई (38), जमना बाई (35), ज्ञानवती (41), भगवती (37), लक्ष्मी बाई (39), और छोटीबाई (36) शामिल हैं।

अन्य ख़बरें

खेतों में लगी भीषण आग, 20 एकड़ फसल जलकर राख; किसानों को भारी नुकसान

Newsdesk

पाटन चौराहे पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, बाइक सवार गंभीर घायल

Newsdesk

कटंगा में गोवंश अवशेष मिलने से हड़कंप, पुलिस ने संभाला मोर्चा

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading