जबलपुर। बेलखाडू क्षेत्र में सरपंच पुत्र की दबंगई का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां कानून के रखवाले बने पुलिसकर्मी भी बेबस नजर आए। 17 जनवरी को सरपंच के पुत्र और उसके साथियों ने बेलखाडू पुलिस चौकी में घुसकर एक परिवार के साथ जमकर मारपीट की। इस घटना में परिवार के चार सदस्य घायल हुए हैं। पूरी वारदात का वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि करीब दो दर्जन लोग पुलिस चौकी के भीतर घुसकर पुलिसकर्मियों के सामने ही पीड़ित परिवार के साथ गाली-गलौच और मारपीट कर रहे हैं। महिलाओं के साथ भी बदसलूकी की गई, जबकि पुलिसकर्मी हालात संभालने में असहाय नजर आए।
चार माह से प्रताड़ना का आरोप
पीड़िता रश्मि प्रजापति ने लिखित शिकायत में बताया कि उनका परिवार पिछले 25 वर्षों से बेलखाडू में रह रहा है और मिट्टी के बर्तन बनाने का कार्य करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के सरपंच गौरी शंकर पटेल, उनके पुत्र कपिल पटेल सहित अमन पटेल, आशुतोष पटेल, जित्तू पटेल, अमरजीत पटेल और डब्बू महाराज द्वारा बीते चार माह से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दी जा रही है।
पीड़िता के अनुसार, विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकियां दी जाती थीं। 17 जनवरी को आरोपियों ने उनके घर पहुंचकर हथियारों से हमला किया, जिसमें चार लोग घायल हुए।
शिकायत लेकर चौकी पहुंचे तो वहीं हुआ हमला
जब पीड़ित परिवार शिकायत दर्ज कराने बेलखाडू चौकी पहुंचा, तभी आरोपी वहां भी आ धमके और पुलिस चौकी के भीतर ही परिवार के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान पुलिसकर्मियों के सामने महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया।
वीडियो बना सबूत
पीड़ित परिवार ने पूरी घटना का वीडियो मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड किया है, जिसे साक्ष्य के रूप में पुलिस अधीक्षक को सौंपते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। वीडियो में आरोपियों द्वारा खुलेआम धमकियां देते और मारपीट करते हुए देखा जा सकता है।
अब सवाल यह उठ रहा है कि जब पुलिस चौकी भी सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिक खुद को कहां सुरक्षित समझे?


