April 3, 2026
सी टाइम्स
क्राइमप्रादेशिकवीडियो

जबलपुर में युवक की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या, एक आरोपी हिरासत में, दूसरे की तलाश जारी

जबलपुर। जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत इंदिरा आवास इलाके में मंगलवार सुबह एक युवक की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रितेश पटेल (25) के रूप में हुई है। घटना सुबह करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल रितेश को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी लड्डू बावरिया अपने साथी राजू सोनकर के साथ वारदात को अंजाम देने पहुंचा। घटना की प्रत्यक्षदर्शी प्रियंका पटेल ने बताया कि आरोपी पीछे की गली से पैदल आया था और रितेश के घर के सामने आकर गाली-गलौज करने लगा। शोर सुनकर नींद से उठकर बाहर आए रितेश ने जब विरोध किया तो आरोपी ने अचानक चाकू निकालकर उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल रितेश मदद के लिए चिल्लाता रहा, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था।

हमले के बाद आरोपी एक्टिवा से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन वाहन स्टार्ट न होने के कारण वह उसे मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। रितेश की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकले और आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया। लोगों ने काफी दूर तक पीछा भी किया, लेकिन आरोपी भागने में सफल रहे।

घटना की सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी उमेश गोलहनी ने बताया कि हत्या के मामले में मुख्य आरोपी लड्डू बावरिया को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि उसका साथी राजू सोनकर फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

इधर, हत्या से आक्रोशित मृतक के साथियों ने आरोपी लड्डू बावरिया के घर पहुंचकर जमकर तोड़फोड़ की। गुस्साए लोगों ने घर में खड़ी कार, बाइक, एक्टिवा और दरवाजों को नुकसान पहुंचाया और पथराव भी किया। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी अवैध शराब के कारोबार से जुड़े हुए थे और उनके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इसी अवैध कारोबार को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से रंजिश चल रही थी, जो अंततः हत्या का कारण बनी।

फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश जारी है। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

अन्य ख़बरें

खेतों में लगी भीषण आग, 20 एकड़ फसल जलकर राख; किसानों को भारी नुकसान

Newsdesk

पाटन चौराहे पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, बाइक सवार गंभीर घायल

Newsdesk

कटंगा में गोवंश अवशेष मिलने से हड़कंप, पुलिस ने संभाला मोर्चा

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading