जबलपुर।
जबलपुर से मंडला होते हुए चिल्पी तक सड़क को फोरलेन बनाने की योजना अब तेजी से आगे बढ़ रही है। यह सड़क जबलपुर–कान्हा टाइगर कॉरिडोर का अहम हिस्सा होगी। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) अगले माह इसके लिए कंसल्टेंट नियुक्त करेगी। नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और जल्द ही विशेषज्ञों की टीम पूरे मार्ग का सर्वे शुरू करेगी।
सर्वे के बाद एनएचएआई को विस्तृत रिपोर्ट सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) और फोरलेन हाईवे का अंतिम अलाइनमेंट तय किया जाएगा। एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार मौजूदा जबलपुर–मंडला–चिल्पी सड़क का केवल 20 प्रतिशत हिस्सा ही फोरलेन निर्माण के योग्य पाया गया है, जबकि शेष हिस्सा वर्तमान मापदंडों पर खरा नहीं उतरता।
दूरी घटेगी, सफर होगा आसान
फिलहाल जबलपुर से कान्हा नेशनल पार्क की दूरी करीब 165 किलोमीटर है, जो फोरलेन बनने के बाद लगभग 150 किलोमीटर रह जाएगी। इससे यात्रा का समय काफी कम होगा। मार्ग में आने वाले बड़े कस्बों और शहरों में बायपास बनाए जाएंगे, जिससे ट्रैफिक की समस्या से राहत मिलेगी।
टाइगर कॉरिडोर में विकसित होगा पूरा मार्ग
जबलपुर से मंडला और आगे छत्तीसगढ़ सीमा तक वर्तमान सड़क लगभग 30 फीट चौड़ी है। इसमें बरेला–नागाघाटी से मंडला के पहले तक करीब 63 किलोमीटर और मंडला से चिल्पी घाटी सीमा तक लगभग 93 किलोमीटर का हिस्सा शामिल है। पूरे मार्ग को फोरलेन टाइगर कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे पर्यटक सीधे कान्हा नेशनल पार्क तक पहुंच सकेंगे और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
रिंग रोड से होगा जीरो प्वाइंट
एनएचएआई के अनुसार प्रस्तावित फोरलेन सड़क का जीरो प्वाइंट बरेला रिंग रोड होगा। बरेला स्थित शारदा मंदिर से यह सड़क सीधे नेशनल पार्क की ओर जाएगी। अलाइनमेंट ऐसा रखा जाएगा कि पेड़ों की कटाई न्यूनतम हो।
पहाड़ों में फ्लाईओवर, बस्तियों में अंडरपास
एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अमृत लाल साहू ने बताया कि पहाड़ी इलाकों में फ्लाईओवर और रिहायशी क्षेत्रों में अंडर व्हीकल पास बनाए जाएंगे। इससे जबलपुर से मंडला, कान्हा, रायपुर, कवर्धा, बिलासपुर और राजनांदगांव तक की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
एक नजर परियोजना पर
वर्तमान में जबलपुर–मंडला–चिल्पी टू-लेन सड़क
फोरलेन के बाद चौड़ाई 100 फीट तक
अनुमानित लागत 3 हजार करोड़ रुपये से अधिक
मध्य हिस्सों में भू-अर्जन प्रक्रिया जल्द
सड़क की शुरुआत बरेला रिंग रोड (शारदा मंदिर) से


