April 3, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

पुरानी रंजिश में कट्टे से फायर करने वाला आरोपी गिरफ्तार


जबलपुर। पुरानी रंजिश के चलते हत्या करने की नीयत से कट्टे से फायर करने वाले आरोपी को थाना मझौली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कट्टा और एक कारतूस भी बरामद किया गया है।
थाना मझौली में दिनांक 15 जनवरी 2026 की रात्रि मणिशंकर गौड़ उम्र 64 वर्ष निवासी ग्राम धनवाही ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह मजदूरी करता है। दिनांक 14 जनवरी 2026 की शाम लगभग 4:30 बजे वह घर से बीछी तिराहा स्थित छोटेलाल नाई की दुकान पर दाढ़ी बनवाने गया था। दुकान के अंदर गांव का रोहित गौड़ मौजूद था, जिसकी कटिंग साहिल सेन कर रहा था। जैसे ही मणिशंकर गौड़ दुकान में घुसा, रोहित गौड़ ने उसे देखते ही “तेरी हत्या कर देता हूं” कहते हुए कमर में खोंसा हुआ कट्टा निकाला और उसके सिर की ओर फायर कर दिया। मणिशंकर ने अपने हाथ से आरोपी के हाथ में धक्का दिया, जिससे गोली उसके कान के पास से निकलकर दुकान के कांच पर जा लगी। वह वहां से भागा तो आरोपी ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया और उसके मुंह में मुक्का मारा, जिससे उसका सामने का दांत टूट गया।
पीड़ित ने रिपोर्ट में बताया कि दिनांक 27 दिसंबर 2018 को रोहित गौड़ ने अपने साथी अभिषेक गौड़ के साथ मिलकर उसके बेटे रंजीत सिंह की हत्या कर दी थी। उसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपी ने अब उसकी भी हत्या करने की नीयत से फायर किया और मारपीट की। इस रिपोर्ट पर थाना मझौली में धारा 109(1), 115(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा एवं एसडीओपी सिहोरा श्री आदित्य सिंघारिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मझौली श्री नेहरू खंडाते के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सरगर्मी से तलाश करते हुए ग्राम धनवाही में दबिश देकर आरोपी रोहित गौड़ पिता राजेंद्र गौड़ उम्र 26 वर्ष निवासी धनवाही मझौली को अभिरक्षा में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने कट्टा अपने घर के पास मिट्टी में दबाकर छिपा रखा है। आरोपी की निशानदेही पर घर के पास से छिपाकर रखा हुआ कट्टा और एक कारतूस बरामद कर जब्त किया गया। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है और कट्टा-कारतूस कहां से प्राप्त किया गया, इस संबंध में आगे की पूछताछ जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मझौली नेहरू सिंह खंडाते, उप निरीक्षक सत्यनारायण कुशवाह, सहायक उप निरीक्षक महेंद्र मिश्रा, प्रधान आरक्षक रामजी, प्रधान आरक्षक दशेन्द्र दीक्षित, आरक्षक सुनील, रोहित, प्रतिमा शर्मा एवं सैनिक श्रीलाल पटेल की सराहनीय भूमिका रही।

अन्य ख़बरें

विश्व ऑटिज़्म दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम IMA जबलपुर

Newsdesk

मध्य प्रदेश टूरिज्म क्विज के विजेता उपविजेता का भ्रमण

Newsdesk

जनजाति समाज के युवा चेहरे राकेश सिंह परस्ते  को बड़ी ज़िम्मेदारी संगठन में ख़ुशी की लहर

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading