जबलपुर। जिले में शराब तस्करों ने अब पुराने शासकीय भवनों को अवैध शराब निर्माण और तस्करी का अड्डा बना लिया है। आबकारी विभाग ने सिहोरा तहसील के ग्राम धनगंवा स्थित पुराने पशु चिकित्सालय भवन में छापामार कार्रवाई कर भारी मात्रा में अवैध शराब और महुआ लाहन बरामद किया है।
आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम धनगंवा में स्थित पुराने पशु चिकित्सालय भवन में अवैध शराब का निर्माण कर उसका विक्रय किया जा रहा है। सूचना के आधार पर जब विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो भवन में ताला लगा हुआ मिला। इसके बाद पशु चिकित्सा विभाग के कर्मचारियों को बुलाकर ताला खुलवाया गया, जहां तलाशी के दौरान भवन के भीतर बड़ी मात्रा में अवैध सामग्री मिली।
कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग ने मौके से 25 लीटर हाथ भट्टी शराब और 70 प्लास्टिक डिब्बों में भरा करीब 1050 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया। विभाग ने महुआ लाहन के नमूने लेकर शेष लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
इसी क्रम में ग्राम बड़ाखेड़ा में आरोपी मूर्त ठाकुर के रिहायशी मकान से 40 पाव मसाला मदिरा और 39 पाव प्लेन मदिरा भी जब्त की गई। आबकारी विभाग द्वारा इस पूरी कार्रवाई में कुल 5 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। हालांकि कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए।
फिलहाल आबकारी विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।


