विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर 4 फरवरी को जिला चिकित्सालय बालाघाट में विशेष कैंसर जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परेश उपलप के मार्गदर्शन तथा सिविल सर्जन डॉ. नीलय जैन की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
शिविर के संबंध में जिला चिकित्सालय की आर.एम.ओ. डॉ. सुषमा गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस दौरान विभिन्न प्रकार के कैंसर की नि:शुल्क स्क्रीनिंग की गई। शिविर में सर्वाइकल कैंसर, स्तन कैंसर, ओरल कैंसर सहित अन्य प्रकार के कैंसर की प्रारंभिक जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान सर्वाइकल कैंसर के 20 मरीजों, स्तन कैंसर के 18 मरीजों तथा ओरल कैंसर के 22 मरीजों की स्क्रीनिंग की गई। इसके अतिरिक्त सामान्य ओपीडी में आए 52 मरीजों की भी कैंसर संबंधी प्रारंभिक जांच की गई। इस प्रकार कुल बड़ी संख्या में मरीजों को कैंसर की जांच सुविधा का लाभ मिला।
कार्यक्रम के अंतर्गत कैंसर जागरूकता शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों को कैंसर के लक्षणों, बचाव के उपायों एवं समय पर जांच के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। चिकित्सकों द्वारा बताया गया कि प्रारंभिक अवस्था में कैंसर की पहचान होने पर इसका सफल उपचार संभव है, इसलिए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण बेहद आवश्यक है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित इस शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक लोगों को समय पर जांच के लिए प्रेरित करना था। जिला चिकित्सालय प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के संदिग्ध लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराते रहें।


