सिवनी – आज दिनांक 03 फरवरी 2026 को वन विभाग द्वारा अवैध काष्ठ भंडारण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए करेली स्थित दीपक फर्नीचर मार्ट पर छापेमारी की गई। यह कार्रवाई वन संरक्षक सिवनी सुश्री संध्या (भा.व.से.) के निर्देशन एवं वन मंडल अधिकारी नरसिंहपुर सुश्री कल्पना तिवारी (भा.व.से.) के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
उक्त कार्रवाई उप वन मंडल अधिकारी नरसिंहपुर श्री विकास शर्मा (भा.व.से.) के नेतृत्व में गठित संयुक्त दल द्वारा की गई, जिसमें उप वन मंडल अधिकारी गाडरवारा, परिक्षेत्र अधिकारी नरसिंहपुर एवं परिक्षेत्र अधिकारी करेली शामिल रहे।
कार्रवाई के दौरान फर्नीचर मार्ट से लगभग 10 घन मीटर अवैध सागौन काष्ठ बरामद किया गया, जिसे विधिवत जब्त कर लिया गया है। वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज करते हुए POR कायम किया गया तथा दीपक फर्नीचर मार्ट को सील कर दिया गया है।
वन विभाग द्वारा बताया गया कि मामले की आगे की जांच एवं वैधानिक कार्रवाई जारी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध कटाई, परिवहन एवं भंडारण के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


