_द्वि-दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न_
सिवनी – मध्यप्रदेश शासन जनजातीय कार्य विभाग के निर्देशानुसार वन अधिकार अधिनियम 2006 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं सामुदायिक वन संसाधनों के संरक्षण–प्रबंधन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सिवनी जिले में द्वि-दिवसीय Capacity Building/Training कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण 10 एवं 11 फरवरी 2026 को आयोजित हुआ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपखण्ड स्तरीय वनाधिकार समिति के शासकीय सदस्य अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), अनुविभागीय अधिकारी (वन), विकासखण्ड अधिकारी सहित जनपद पंचायत के अशासकीय सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स श्री कमल किशोर आरमो, श्रीमती अनीता सिंगोतिया एवं श्री निखिल मिश्रा ने सहभागियों को वन अधिकार अधिनियम 2006 एवं वन अधिकार नियम 2008 (संशोधित नियम 2012) के प्रावधानों के अनुरूप सामुदायिक वन अधिकार एवं सामुदायिक वन संसाधन के संरक्षण, प्रबंधन एवं मान्यता की प्रक्रिया पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया।
प्रशिक्षण के दौरान ग्राम स्तर पर दावे प्रस्तुत करने की प्रक्रिया, अभिलेखीकरण, सीमांकन, अधिकार पत्र वितरण, तथा संरक्षण एवं प्रबंधन योजना तैयार करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन दिया गया। इस अवसर पर प्रतिभागियों को व्यवहारिक जानकारी के साथ-साथ कानूनी पहलुओं से भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जनजाति एवं अन्य परम्परागत वन निवासी समुदायों को उनके पारंपरिक वन संसाधनों पर वैधानिक अधिकार सुनिश्चित करना, स्वशासन को प्रोत्साहित करना तथा आजीविका के अवसरों को सुदृढ़ बनाना रहा।
सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग, सिवनी के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ, जिसे सहभागियों ने अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया। यह पहल जिले में वन अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


