जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र में पांच दिन पूर्व हुई फर्नीचर व्यापारी एकांश साहू की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। घटना की शुरुआत कार से बाइक की टक्कर के बाद हुई मामूली बहस से हुई थी। बताया जा रहा है कि एकांश साहू और बाइक सवार शुभम बाजपेई के बीच विवाद के बाद समझौता भी हो गया था, लेकिन कुछ ही देर में शुभम ने अपने दोस्तों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद कमलेश महोबिया, छोटू ठाकुर और उनके अन्य पांच साथियों ने मिलकर एकांश के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपियों ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर एकांश को लहूलुहान कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे, जिनकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई थीं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अब तक मुख्य आरोपियों सहित कुल चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, मामले में संलिप्त चार अन्य आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही शेष फरार आरोपियों को भी सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।


