जबलपुर। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रांझी-खमरिया द्वारा पुलवामा में शहीद हुए वीर जवानों सहित देश के समस्त अमर शहीदों की स्मृति में दर्शन सिंह तिराहा, रांझी में एक भावपूर्ण एवं गरिमामय श्रद्धांजलि संध्या का आयोजन किया गया। इस संबंध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष रविंद्र कुशवाहा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कार्यक्रम की जानकारी दी।
ज्ञात हो कि 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में देश के 40 से अधिक वीर जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। उन्हीं शहीदों की स्मृति में आयोजित इस श्रद्धांजलि सभा में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं और महिलाओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ शहीदों के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन, माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात उपस्थित सभी नागरिकों ने दो मिनट का मौन रखकर वीर शहीदों के प्रति अपनी गहरी संवेदना और श्रद्धा प्रकट की। पूरा वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत रहा और “भारत माता की जय” तथा “शहीद अमर रहें” जैसे नारों से परिसर गूंज उठा।
इस अवसर पर वक्ताओं ने अपने संबोधन में शहीदों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति को नमन करते हुए कहा कि देश उनकी शहादत को कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान हमें यह सिखाता है कि राष्ट्र सर्वोपरि है और उसकी रक्षा के लिए हर नागरिक को सदैव तत्पर रहना चाहिए। वक्ताओं ने विशेष रूप से युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें और राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाएं।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रांझी-खमरिया के पदाधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यह श्रद्धांजलि संध्या केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी कृतज्ञता, सम्मान और संकल्प का प्रतीक है। देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए हम सभी को मिलकर निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित नागरिकों ने शहीदों के बलिदान को स्मरण करते हुए राष्ट्र की सेवा, सद्भाव और भाईचारे को बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा, सेवा दल के नगर अध्यक्ष सतीश तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष आशुतोष वत्स, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष रविंद्र कुशवाहा, जग्गू विश्वकर्मा, आलोक ब्रह्म भट्ट, अनिल शर्मा, नेम सिंह, पप्पू दुबे, नारायण गुप्ता, मोहन सिंह, संजू ठाकुर, अनिल चौबे, जितेश तोमर, पप्पू यादव, निर्मल चंद जैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।


