53 बच्चों ने पाए ट्राई साइकिल, व्हील चेयर, टीएलएम किट जैसे आवश्यक सहायक उपकरण
समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांग बच्चों के लिए 18 फरवरी 2026 को जनपद शिक्षा केन्द्र बिरसा में एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चयनित बच्चों को आवश्यकता अनुसार विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ विकासखंड स्त्रोत समन्वयक श्री नंदकिशोर तेकाम, एपीसी श्री श्रीष थानथराटे (आईईडी) तथा एलिमको जबलपुर से डॉ. हंजला इरशाद, श्री रामसिंह और श्री विकास मिश्रा की उपस्थिति में माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया।
उल्लेखनीय है कि विगत 7 अक्टूबर 2025 को एलिमको के सहयोग से उपकरणों के लिए 53 बच्चों का चयन किया गया था। 18 फरवरी को आयोजित इस शिविर में सभी 53 बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण वितरित किये गए। इनमें 11 ट्राई साइकिल, 06 व्हील चेयर, 06 सीपी चेयर, 04 हियरिंग एड, 05 कैलीपर्स, 02 एल्बो क्रच, 22 टीएलएम किट तथा 13 रोलैटर शामिल हैं। इन उपकरणों के माध्यम से दिव्यांग बच्चों को दैनिक जीवन में सुगमता प्राप्त होगी।
इस दौरान एपीसी श्री श्रीष थानथराटे (आईईडी) ने उपस्थित बच्चों एवं उनके पालकों को उपकरणों के सही उपयोग और सुरक्षित रखरखाव के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। वहीं विकासखंड स्त्रोत समन्वयक श्री नंदकिशोर तेकाम ने दिव्यांग बच्चों को ईश्वर का विशेष स्वरूप बताते हुए पालकों से आग्रह किया कि वे बच्चों की विशेष देखरेख करें और बिना किसी भेदभाव के उनका पालन-पोषण करें।
शिविर के सफल आयोजन में बीएसी श्री सुरेन्द्र सिंह धुर्वे, श्री योगेश कुमार ताम्रकार, एमडीएम प्रभारी श्री रामनिरंजन तिवारी, विकासखंड सह समन्वयक (साक्षर भारत) श्री संजय परिमल, एमआईएस शिवेन्द्र तिवारी, एमआरसी योगराज बिसेन एवं श्रीमती रंजना बिसेन, कम्प्यूटर ऑपरेटर श्री जितेन्द्र कुमार गेडाम, भृत्य श्री अनिल कुषरे तथा जनपद शिक्षा केन्द्र बिरसा के समस्त कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।


