प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय जटाशंकर त्रिवेदी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बालाघाट के वाणिज्य संकाय के 50 से अधिक छात्र-छात्राओं का औद्योगिक भ्रमण जिले में स्थित मलाजखंड ताम्र परियोजना में कराया गया। यह भ्रमण हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के सहयोग से आयोजित किया गया।
भ्रमण का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मराठे के नेतृत्व तथा विभागाध्यक्ष डॉ. पी. एस. कातुलकर के निर्देशन में हुआ। एचसीएल के मानव संसाधन प्रमुख श्री प्रमोद कुमार के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को आधुनिक खनन तकनीकों और तांबा उत्पादन की संपूर्ण प्रक्रिया से अवगत कराया गया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने खान की विशाल ओपन पिट संरचना का निरीक्षण किया। विषय विशेषज्ञ एवं मुख्य प्रबंधक श्री विशाल मिश्रा ने ड्रिलिंग, ब्लास्टिंग, क्रशर यूनिट तथा फ्लोटेशन प्लांट की कार्यप्रणाली को विस्तार से समझाया। साथ ही उन्होंने उत्पादन प्रबंधन, लागत नियंत्रण, श्रम कानूनों एवं आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन के व्यावहारिक पहलुओं पर भी प्रकाश डाला।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को उद्योग के सामाजिक-आर्थिक प्रभाव तथा कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) कार्यक्रमों की जानकारी भी प्रदान की गई। विभागाध्यक्ष डॉ. कातुलकर ने बताया कि ऐसे औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के कौशल विकास, इंटर्नशिप अवसरों, शोध कार्य तथा उद्योग-शैक्षणिक समन्वय को मजबूत करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं।संपूर्ण भ्रमण के दौरान सहायक प्राध्यापक वाणिज्य श्री भीवेंद्र धुर्वे एवं शोधार्थी इशिका, प्रकृति, हर्षिका तथा साक्षी शर्मा उपस्थित रहीं। यह औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।


