जबलपुर। शहर के सार्वजनिक स्थानों पर शराब पिलवाने और शराब बेचने वालों पर कार्रवाई करते हुए 26 आरोपियों को धरदबोचा। इनके कब्जे से बीयर, देशी-विदेशी और कच्ची शराब जब्त की है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि शहर के सार्वजनिक जगहों पर यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने बताया कि जुआ, सट्टा खिलाने वालों एवं अवैध मादक पदार्थ, अवैध हथियार, अवैध शराब के कारोबार में लिप्त आरोपियों तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब पिलाने वालों को चिन्हित करते हुये प्रभावी कार्यवाही हेतु तथा चेारी, नकबजनी, एवं मारपीट तथा अन्य भादवि के प्रकरणों एवं थानों में लंबित वारंटों की तामीली पर सख्ती बरती है। नगर पुलिस अधीक्षकों के द्वारा अपने अपने अनुभाग के थाना प्रभारियों कें द्वारा कार्यवाही करायी जा रही है।
पिछले 24 घंटे में आदतन अपराध करने वाले 27 आरोपियों, वाद विवाद करने वाले 131 व्यक्तियो के खिलाफ कार्रवाई की। इसी प्रकार पिछले कई वर्षो से फरार 3 गैरम्यादी, 5 म्यादी वारंटी, को गिरफ्तार किया। 30 जमानती वारंट तामील किये। सार्वजनिक स्थान पर शराब पिलाने वाले सहित, अवैध शराब के कारोबार में लिप्त 26 व्यक्तियों के विरूद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुये 8 बॉटल बीयर एवं 1466 पाव देशी/अंग्रेजी एवं 48 लीटर कच्ची शराब जप्त की गयी तथा 2 व्यक्तियो के विरूद्ध 25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुये 2 चाकू जप्त किये गये।


