मैहर। लोकतंत्र बचाओ महासम्मेलन एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों का सम्मान समारोह सोमवार को ग्राम पंचायत भेंड़ा में आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण भी किया गया। उक्त कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल रहे। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मंत्री एवं अमरपाटन विधायक डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह ने की। विशिष्ट अतिथि में डा महेंद्र सिंह चौहान, पूर्व विधायक त्रय नीलांशु चतुर्वेदी, रामलखन पटेल एवं सुखेंद्र सिंह बन्ना की मंचासीन सिंह उपस्थित रही। स्वागत उद्बोधन कार्यक्रम के आयोजक पंडित रामनिवास उरमलिया ने देते हुए कहा कि आज बड़े ही सौभाग्य का दिन है कि प्रदेश के दो बड़े नेता एक ही मंच पर हैं इसका सुखद मैसेज समूचे विंध्य क्षेत्र में जायेगा। इस दौरान श्री उरमलिया ने विधायक अजय सिंह राहुल एवं विधायक डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह को चांदी का मुकुट पहनाकर स्वागत अभिनंदन किया। विशाल जनसमुदाय को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अजय सिंह राहुल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जब जब सत्ता में आई उसने गरीबों, किसानो, युवाओं और अंतिम छोर में बैठे व्यक्ति का भला किया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आरक्षण मिले यह कांग्रेस भी चाहती है किंतु भाजपा महिला आरक्षण के नाम पर लोगों में भ्रम व ढोंग कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि रीवा संभाग में 30 विधानसभा सीटें हैं हमारा पहला लक्ष्य है कि 2028 में ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतकर कांग्रेस आए। मंच से ही उन्होंने पंडित रामनिवास उरमलिया को कांग्रेस में वापसी का ऐलान करते हुए सदस्यता बहाली का प्रमाण पत्र प्रदान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक डा. राजेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि आज पूरे देश में भय व आतंक का माहौल है लोग हमारे संवैधानिक बुनियाद को कमजोर करने में लगे हैं। उन्होंने आयोग पर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव आयोग तो भाजपा का कार्यालय बन गया है। आम जनता, किसान और युवा महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है। कार्यक्रम का संचालन रामप्रकाश गुप्ता द्वारा एवं आभार एडवोकेट योगेंद्र प्रताप सिंह द्वारा व्यक्ति किया गया। इस अवसर पर दिलीप मिश्रा, पुष्पराज सिंह, दीपा मिश्रा, चूडा़मणि बढोलिया, आरके सिंह, मनीष तिवारी, राजभान सिंह, सत्यनारायण शर्मा, उर्मिला त्रिपाठी, गीता सिंह पगार, देवेंद्र अग्रवाल, संतोष पांडेय सतना, दिनेश मिश्रा एवं विपिन सिंह बघेल सहित हजारों की संख्या में आम जनता की उपस्थिति रही।


