जबलपुर। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन के चांदखेड़ी में आयोजित 30वें राष्ट्रीय अधिवेशन समारोह में जबलपुर मेन ग्रुप ने अपनी उल्लेखनीय उपलब्धियों से सबका ध्यान आकर्षित किया। इस अवसर पर जबलपुर मेन ग्रुप के निवर्तमान अध्यक्ष मुल्कराज–अंजलि सिंघई ‘बादशाह’ को वर्ष 2025 के लिए देश के प्रतिष्ठित ‘सर्वश्रेष्ठ अध्यक्ष’ सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान उनके नेतृत्व, संगठन क्षमता और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका के लिए प्रदान किया गया, जिससे जबलपुर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ।
अधिवेशन के दौरान जबलपुर मेन ग्रुप को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्यों के लिए कुल 13 पुरस्कार प्राप्त हुए। वरिष्ठ सदस्य विनय अनिता जैन को ‘प्लेटिनम ऑफ द ईयर’ अवार्ड से सम्मानित किया गया, वहीं पूर्व अध्यक्ष प्रशांत प्रियांशी जैन को ‘ज्वेल ऑफ द ईयर’ पुरस्कार प्रदान किया गया। इन सम्मानों ने ग्रुप की निरंतर सक्रियता और सामाजिक योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया।
पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी जबलपुर मेन ग्रुप ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। समूह को सर्वश्रेष्ठ पर्यावरण संरक्षण गतिविधि और सर्वाधिक वृक्षारोपण कार्य के लिए प्रथम स्थान प्राप्त हुआ, जबकि स्क्रेप बुक प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान मिला। ये उपलब्धियां इस बात का प्रमाण हैं कि संगठन केवल सामाजिक ही नहीं, बल्कि पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति भी सजग है।
अधिवेशन 2026 की स्मारिका ‘चंद्रोदय घोष’ के संपादन और प्रकाशन का दायित्व भी जबलपुर मेन ग्रुप को सौंपा गया था। इस जिम्मेदारी को सफलतापूर्वक निभाने पर प्रधान संपादक प्रशांत प्रियांशी जैन सहित संपादक मंडल—गोपाल-अर्चना जैन, विकास-शिखा जैन, संजय ‘सम्यक’-आभा जैन, यतीश-ज्योति जैन और अंजुल-स्वाति जैन—को सम्मानित किया गया। फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोहर झांझरी ने अपने संबोधन में संपादकीय टीम के परिश्रम, सृजनशीलता और उत्कृष्ट समन्वय की सराहना करते हुए स्मारिका को आकर्षक, ज्ञानवर्धक और संग्रहणीय बताया।
कार्यक्रम के दौरान एक महत्वपूर्ण घोषणा भी की गई, जिसमें वरिष्ठ सदस्य विनय अनिता जैन को वर्ष 2026 के लिए पुनः फेडरेशन के राष्ट्रीय महासचिव पद पर मनोनीत किया गया। यह घोषणा फेडरेशन की संरक्षिका पुष्पा प्रदीप सिंह कासलीवाल की अनुशंसा पर पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष हँसमुख गांधी द्वारा की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रदीप जैन आदित्य और विशिष्ट अतिथि हुकुमचंद जैन काका की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अधिवेशन में जबलपुर मेन ग्रुप के लगभग 29 राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई, जिससे यह आयोजन और अधिक प्रभावशाली बन गया। यह पूरा समारोह जबलपुर मेन ग्रुप की संगठित कार्यशैली, समर्पण और राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती प्रतिष्ठा का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया।


