सिवनी – जिले के लिए गर्व का पल तब आया जब सरस्वती शिशु मंदिर, सिवनी की मेधावी छात्रा डेज़ी शरणागत ने मध्य प्रदेश बोर्ड की हाईस्कूल (10वीं) परीक्षा में शानदार 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे जिले का नाम रोशन कर दिया।
तहसील कुरई के छोटे से ग्राम बादलपार और विधानसभा बरघाट क्षेत्र से आने वाली इस होनहार छात्रा ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर यह बड़ी सफलता हासिल की। डेज़ी की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी सुविधा की मोहताज नहीं होती, बल्कि सच्ची मेहनत ही सफलता की कुंजी होती है।
डेज़ी की इस उपलब्धि पर जिलेभर में हर्ष का माहौल है। सिवनी पुलिस अधीक्षक ने भी छात्रा को अपने कार्यालय में आमंत्रित कर सम्मानित किया तथा उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह सम्मान न केवल डेज़ी के लिए बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय बन गया।
डेज़ी शरणागत, जो कि भाजपा युवा नेता अशोक शरणागत की सुपुत्री हैं, ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और शुभचिंतकों के मार्गदर्शन व आशीर्वाद को दिया।
परिवार ने भावुक होकर कहा, “मेरी बेटी, मेरा अभिमान”, और इस उपलब्धि को पूरे समाज के साथ साझा किया।
यह सफलता उन सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है, जो छोटे गांवों से बड़े सपने देखने का साहस रखते हैं। डेज़ी की यह उपलब्धि स्पष्ट करती है कि यदि हौसले बुलंद हों और लक्ष्य स्पष्ट हो, तो हर मंजिल पाना संभव है।


