से
अनूपपुर। ग्राम पंचायत हर्री में बुधवार को अज्ञात कारणों से लगी आग ने किसानों की मेहनत को पलभर में राख कर दिया। आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि खेतों में कट कर रखी गेहूं की फसल आग की चपेट में आ गई और देखते ही देखते जलकर खाक हो गईं।
जानकारी के अनुसार किसान अनुज राठौर के लगभग 1 से 1.5 एकड़ खेत में रखी 100 से 200 गेहूं की गठान पूरी तरह नष्ट हो गईं। वहीं किसान सीताराम राठौर के करीब 1 एकड़ खेत में रखी लगभग 100 गठान भी आग की भेंट चढ़ गईं। इस घटना से दोनों किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
ग्रामीणों ने बताया कि यह सिर्फ फसल का नुकसान नहीं, बल्कि किसानों की चार महीने की कड़ी मेहनत और सालभर के राशन का भी नुकसान है। आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने डायल 112 और फायर ब्रिगेड को कई बार सूचना दी, लेकिन समय पर मदद नहीं पहुंचने के कारण आग और भड़क गई, जिससे नुकसान बढ़ता चला गया।
घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही प्रभावित किसानों ने पटवारी और तहसीलदार से मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करने और शीघ्र उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर दमकल दल पहुंच जाता, तो नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था। अब किसानों की नजर प्रशासन की ओर है कि उन्हें राहत कब और कैसे मिलती है।


