जबलपुर। गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां बरगी थाना क्षेत्र के अंतर्गत सालीवाड़ा कटियाघाट के पास स्थित नहर में तीन नाबालिग बच्चियां तेज बहाव में बह गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और शोक का माहौल बन गया, वहीं पुलिस और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन में जुट गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शीतल पटेल, तनु पटेल और सानिया पटेल नाम की तीनों बच्चियां नहर किनारे बैठी हुई थीं। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वे गहरे पानी में जा गिरीं और तेज बहाव में बहने लगीं। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि प्रयास सफल नहीं हो सके।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पूरी घटना कुछ ही क्षणों में घटित हो गई, जिससे किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। सूचना मिलते ही बरगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल गोताखोरों व रेस्क्यू टीम को बुलाकर तलाश अभियान शुरू कराया गया।
समाचार लिखे जाने तक बच्चियों का कोई सुराग नहीं लग सका था और नहर में लगातार सर्च ऑपरेशन जारी था। इस हादसे के बाद परिजन घटनास्थल पर पहुंचकर बेसुध हो गए, वहीं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी नहर किनारे जमा हो गए। पुलिस का कहना है कि बचाव कार्य पूरी गंभीरता के साथ जारी है और बच्चियों की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।


