*प्रदेश सरकार व प्रशासन को दिया 5 दिनों का अल्टीमेटम*
गेहूं उपार्जन व्यवस्थाओं में सुधार न होने पर होगा प्रदेशव्यापी आंदोलन।
*सैटेलाइट सर्वे को अमान्य कर स्लॉट बुकिंग में तेजी, सर्वर में सुधार व उपार्जन तारीख को तत्काल बढ़ाया जाये*
2 हैक्टेयर से ऊपर के सभी किसानों की गेहूं खरीदी तत्काल शुरू हो
जबलपुर 24 अप्रैल। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर जारी गेहूं उपार्जन की शासकीय अव्यवस्थाओं व किसानों की समस्याओं का समाधान न होने पर जिले भर के किसान नाराज है। भारी गर्मी व कृषि कार्य के व्यस्तम समय होने के बावजूद शुक्रवार को सैकड़ों किसानों ने भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में गेहूं उपार्जन की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग करने के संबंध में मुख्यमंत्री के नाम डिप्टी कलेक्टर नदीमा शीरी को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। किसान संघ के जिलाध्यक्ष रामदास पटैल ने जानकारी देते हुये बताया कि सैटेलाइट द्वारा पंजीयन असत्यापित किये जाने के कारण छोटे किसानों की स्लॉट बुकिंग देरी से प्रारंभ हुई है और स्लॉट बुकिंग की अंतिम तारीख 30 अप्रेल है। छोटे किसानों से गेहूं उपार्जन की प्रक्रिया अभी चल रही है। 2 हैक्टेयर से ऊपर के मंझोले व बड़े किसानों से गेहूं उपार्जन होना शेष है। इसलिये हमारी सरकार से मांग है कि तत्काल सरकार मंझोले व बड़े किसानों से गेहूं उपार्जन के समय, तारीख कार्यक्रम को घोषित कर व प्रतिदिन खरीदी केंद्र पर होने वाली तुलाई की मात्रा को तीन हजार क्विंटल बढ़ाया जाये। साथ ही गेहूं के स्लॉट बुकिंग की तारीख 20 मई व खरीदी की तारीख 31 मई की जाये। कुंडम तहसील से आये किसानों ने तिलसानी में खरीदी केंद्र खोलने की मांग रखी। किसान संघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी देते हुये कहा कि यदि प्रदेश सरकार व प्रशासन 5 दिनों के भीतर गेहूं उपार्जन संबधी व्यवस्थायें बनाने में नाकाम साबित होती है तो भारतीय किसान संघ प्रदेशव्यापी आंदोलन के कार्यक्रम को घोषित करेगा।
*पंजीकृत सभी किसानों से एक एक दाना खरीदे सरकार*
भारतीय किसान संघ के जिला सह मंत्री व पाटन के उन्नत किसान सुनील पटैल ने कहा कि जब सरकार के प्रतिनिधि व मुखिया किसानों की उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य पर एक एक दाना खरीदने का दंभ भरते हैं तो उसे पूरा भी करना चाहिये। इसलिये हमारी सरकार से मांग है कि जिले में पंजीकृत सभी किसानों से चना व गेहूं का एक एक दाना खरीदने की व्यवस्था उपार्जन केंद्रो पर सुनिश्चित करे।
*उपार्जन केंद्रो पर हो स्वच्छ पेय जल व चिकित्सा व्यवस्था*
पनागर तहसील अध्यक्ष जितेंद्र पटैल व शहपुरा तहसील अध्यक्ष वीरेंद्र साहू ने कहा कि तापमान में लगातार वृद्वि हो रही है। वर्तमान में 42 डिग्री के आसपास तापमान है। इस स्थिति में उपार्जन केंद्रो पर आने वाले किसानों के लिये स्वच्छ पेय जल, चिकित्सा व्यवस्था व टेंट लगाकर छायादार बैठने की व्यवस्था निःशुल्क की जाये।
*ये रहे उपस्थित*
इस अवसर पर भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख राघवेंद्र सिंह पटेल, जिलाध्यक्ष रामदास पटैल, जिला सह मंत्री सुनील पटैल, महानगर अध्यक्ष राजकुमार पटैल, पनागर तहसील अध्यक्ष जितेंद्र पटैल, शहपुरा तहसील अध्यक्ष वीरेंद्र साहू, जिला कोषाध्यक्ष, प्रेमचंद कुर्मी, जिला प्रचार प्रमुख भरत पटैल, सुजीत पटैल, विनय पटैल, निषांत पटैल, सुखविंदर सिंह, मनोज पटैल, सुनील पटैल, सरपंच घनश्याम सिंह, देवीदीन सेन, अजय पटैल सहित सैंकड़ों की संख्या में किसानों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
मनोज मिश्रा
महानगर प्रचार प्रमुख,
भारतीय किसान संघ


