बालाघाट-गर्रा रोड पर वैनगंगा नदी के पुल के पहले बन रहे रेलवे ओव्हरब्रिज का निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में है। इस ओव्हरब्रिज से मई माह के अंतिम सप्ताह में यातायात प्रारंभ होने की संभावना है।
बालाघाट एसडीएम श्री गोपाल सोनी एवं सेतु निर्माण संभाग के एसडीओ श्री ओमप्रकाश सनोडिया ने गत दिवस रेल ओव्हरब्रिज के कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ओव्हरब्रिज के शेष कार्य शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश किये। निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार द्वारा बताया गया कि ब्रिज का शेष कार्य 20 मई तक पूर्ण हो जाएगा और मई माह के अंतिम सप्ताह में ओव्हरब्रिज यातायात के लिए तैयार हो जाएगा। इस ओव्हरब्रिज से यातायात प्रारंभ हो जाने से बडे वाहनों को डेंजर रोड से घूम कर आना-जाना नही करना पडेगा और यातायात की सुगम सुविधा सुलभ हो जाएगी।


