35.3 C
Jabalpur
June 21, 2026
सी टाइम्स
क्राइमप्रादेशिकराष्ट्रीय

मुंबई: ‘ऑपरेशन व्हाइट स्ट्राइक’ में एनसीबी को बड़ी कामयाबी, 1745 करोड़ रुपए की कोकीन जब्त

मुंबई, 1 मई । मुंबई और उससे जुड़े लॉजिस्टिक्स कॉरिडोर में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय कोकीन तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। ‘ऑपरेशन व्हाइट स्ट्राइक’ के तहत एजेंसी ने करीब 349 किलोग्राम हाई-ग्रेड कोकीन जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत लगभग 1,745 करोड़ रुपए आंकी गई है। यह ऑपरेशन पिछले छह महीनों से अधिक समय तक चली खुफिया निगरानी और सूचनाओं के आधार पर अंजाम दिया गया। जांच एजेंसी को मिले पुख्ता इनपुट के बाद एनसीबी की कई टीमों ने नवी मुंबई के कलंबोली से लेकर ठाणे के भिवंडी तक फैले लॉजिस्टिक्स नेटवर्क पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान एक अत्यंत संगठित ट्रांसनेशनल ड्रग सप्लाई नेटवर्क का खुलासा हुआ, जो वेयरहाउस और छिपे हुए परिवहन तरीकों का इस्तेमाल कर रहा था।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने एक्स पोस्ट में लिखा, “हम नशीले पदार्थों के गिरोह को पूरी तरह से खत्म करने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। एनसीबी ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नशीले पदार्थों के गिरोह पर शिकंजा कसते हुए मुंबई में 1,745 करोड़ रुपए की कीमत वाली 349 किलोग्राम उच्च-गुणवत्ता वाली कोकीन जब्त की है। यह ‘बॉटम-टू-टॉप’ दृष्टिकोण का एक बेहतरीन उदाहरण है, जिसमें एजेंसी ने एक छोटी खेप का पता लगाते हुए एक विशाल नेटवर्क को पकड़ लिया। इस बड़ी सफलता के लिए एनसीबी टीम को बधाई।” एनसीबी की ओर से जारी प्रेस नोट में कहा गया, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में यह सफल ऑपरेशन नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ (बिल्कुल भी बर्दाश्त न करने की) नीति को दर्शाता है।” ऑपरेशन के पहले चरण में एनसीबी अधिकारियों ने कलंबोली स्थित केडब्ल्यूसी वेयरहाउसिंग कॉम्प्लेक्स के पास एक मारुति सुजुकी सुपर कैरी (सीएनजी) वाहन को रोका।

तलाशी के दौरान वाहन से 136 पैकेट कोकीन बरामद हुई, जिनमें प्रत्येक का वजन लगभग 1 किलोग्राम था। चौंकाने वाली बात यह रही कि इन पैकेट्स को क्रिकेट पैड और ग्लव्स के अंदर छिपाकर कार्टन में रखा गया था। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद एनसीबी को भिवंडी में छिपाकर रखे गए एक और बड़े कंसाइनमेंट की जानकारी मिली। इसके आधार पर एजेंसी ने ठाणे जिले के भिवंडी स्थित रेहनाल गांव के लक्ष्मण कंपाउंड में छापा मारा, जहां से 213 और पैकेट (प्रत्येक 1 किलो) कोकीन बरामद की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह कोकीन भारत में आयात की गई मशीनरी के अंदर बने विशेष कैविटी में छिपाकर लाई गई थी। हर पैकेट को पॉलीथीन की 9 परतों में पैक किया गया था, जिसमें एक परत काले चिकने पदार्थ की भी थी, ताकि स्कैनिंग में पकड़ में न आए।

भिवंडी के वेयरहाउस नेटवर्क के इस्तेमाल से यह साफ हो गया है कि तस्करी का यह नेटवर्क बेहद संगठित था, जिसमें मशीनों के आयात से लेकर गोदामों में स्टोरेज और फिर सप्लाई तक की पूरी चेन विकसित की गई थी। एनसीबी अब इस पूरे रैकेट के सरगना, फाइनेंसर, हैंडलर और रिसीवर्स तक पहुंचने के लिए गहन जांच कर रही है। एजेंसी का मानना है कि यह बरामदगी इसलिए भी अहम है क्योंकि भारत में आमतौर पर सालभर में कुल 200-300 किलोग्राम कोकीन ही जब्त होती है, जबकि इस एक ऑपरेशन में ही उससे कहीं ज्यादा ड्रग्स पकड़ी गई है।

अन्य ख़बरें

पद्म पुरस्कार: राष्ट्रपति मुर्मु 23 जून को शिबू सोरेन और अलका याज्ञनिक समेत 65 अन्य को सम्मानित करेंगी

Newsdesk

बंगाल: दक्षिण 24 परगना में भारी मात्रा में हथियार बरामद, तृणमूल के दो नेता गिरफ्तार

Newsdesk

अंजुमन इस्लामिया स्कूल विवाद: हाईकोर्ट ने राज्य सरकार और निजी पक्षों को जारी किया नोटिस

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading