जबलपुर। शहर के मदन महल स्टेशन रोड इलाके में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां फ्लाईओवर से फेंके गए एसिड जैसे ज्वलनशील पदार्थ की चपेट में आकर प्रथम वर्ष का छात्र शिवांश बाण (लगभग 19-20 वर्ष) गंभीर रूप से झुलस गया। घटना देर रात करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है, जब वह अपने घर में सो रहा था।
परिवार के मुताबिक, अचानक तेज चीख सुनकर सभी लोग जागे तो देखा कि घर की छत की शीट टूटी हुई है और शिवांश के हाथ, सीना व पीठ बुरी तरह जल चुके हैं। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि पीड़ित का घर फ्लाईओवर के ठीक नीचे स्थित है और छत अस्थायी सामग्री से बनी हुई है। शिवांश की मां मनोरमा बाण के अनुसार, घटना के समय पूरा परिवार कूलर चलाकर सो रहा था, तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने फ्लाईओवर से ज्वलनशील पदार्थ से भरी बोतल नीचे फेंकी, जो छत को तोड़ते हुए सीधे छात्र पर आ गिरी।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस इस मामले को पुरानी रंजिश से जोड़कर भी देख रही है, क्योंकि परिजनों के अनुसार करीब 10 दिन पहले भी उनके घर पर पथराव की घटना हुई थी। फिलहाल आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास जारी हैं।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। वहीं, इस घटना ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था और फ्लाईओवर के नीचे रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


