फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष से की भेंट
जबलपुर। इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य डॉ. जी. संजीवा रेड्डी से दिल्ली स्थित श्रम भवन में मध्यप्रदेश विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन, जबलपुर के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान राष्ट्रीय महासचिव डॉ. संजय सिंह एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जी. सत्यजीत रेड्डी भी उपस्थित रहे।
फेडरेशन के महामंत्री राकेश डी. पी. पाठक, एन. के. यादव, उमाशंकर मेहता, अफसार अहमद, गोपाल चौहान एवं रामेश्वर गांगे सहित अन्य प्रतिनिधियों ने इंटक नेतृत्व से मुलाकात कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश इंटक के उपाध्यक्ष रामराज्य तिवारी एवं इंटक सचिव नरेंद्र मिश्रा भी मौजूद रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जी. संजीवा रेड्डी को दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा राष्ट्रीय इंटक के पक्ष में दिए गए निर्णय पर बधाई दी। साथ ही नई श्रम संहिता, निजीकरण, बिजली कंपनियों के भविष्य, संविदा कर्मियों, आउटसोर्स कर्मचारियों, कंपनी कैडर कार्मिकों, नियमित कर्मचारियों एवं पेंशनर्स से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
फेडरेशन के महामंत्री राकेश डी. पी. पाठक एवं अन्य पदाधिकारियों ने मध्यप्रदेश विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन, जबलपुर द्वारा कर्मचारियों और पेंशनर्स के हित में किए जा रहे प्रयासों एवं संगठन की वर्तमान गतिविधियों की जानकारी राष्ट्रीय नेतृत्व को दी।
इस दौरान इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जी. संजीवा रेड्डी ने कहा कि श्रमिकों, कामगारों तथा विशेषकर असंगठित क्षेत्र के मजदूरों की सुरक्षा और बेहतर भविष्य के लिए श्रम संगठनों को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय होना होगा। उन्होंने कहा कि नई श्रम संहिता लागू होने से श्रमिकों और असंगठित क्षेत्र के कामगारों का भविष्य असुरक्षित हो सकता है, इसलिए इंटक संयुक्त मोर्चे के साथ मिलकर इसका प्रभावी विरोध कर रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने इस अवसर पर इंटक के वरिष्ठ राष्ट्रीय नेताओं अशोक सिंह, रामचंद्र खूंटियां तथा विभिन्न राज्यों के पदाधिकारियों से भी मुलाकात की। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन, जबलपुर के अनेक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अंत में फेडरेशन के महामंत्री राकेश डी. पी. पाठक ने इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जी. संजीवा रेड्डी एवं सभी राष्ट्रीय नेताओं का समय, मार्गदर्शन और आत्मीय सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।


