34.3 C
Jabalpur
June 10, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

चाकू मारकर युवक की हत्या करने वाले आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस


जबलपुर। मदन महल थाना क्षेत्र के तीन पत्ती चौक पर 16-17 मई की दरमियानी रात हुए सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 22 वर्षीय कपिल प्यासी की चाकू मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने अंकुश सोंधिया, निहाल सोंधिया सहित एक नाबालिग आरोपी को हिरासत में लिया है।

पार्टी में शुरू हुआ था विवाद

जानकारी के मुताबिक शादी सीजन समाप्त होने के बाद डीजे संचालकों और टेंट कारोबारियों द्वारा एक पार्टी आयोजित की गई थी। पार्टी में कपिल प्यासी, उसका भाई अतुल प्यासी और शहर के कई कारोबारी शामिल हुए थे। इसी दौरान टेंट कारोबारी अंकुश सोंधिया और निहाल सोंधिया भी वहां पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि पार्टी में शराब पीने के दौरान डांस करते समय अंकुश का कपिल को धक्का लग गया। मामूली बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था।

घर लौटते समय किया पीछा, चाकुओं से किया हमला

पार्टी खत्म होने के बाद कपिल अपने भाई अतुल के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान तीन पत्ती चौक के पास अंकुश, निहाल और उनके अन्य साथी पीछा करते हुए पहुंचे और दोनों भाइयों को रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने कपिल को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। कपिल खुद को बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन आरोपियों ने लगातार चाकुओं से उस पर हमला कर दिया। भाई अतुल ने बीच-बचाव की कोशिश की तो उसके साथ भी मारपीट की गई।

मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

हमले में गंभीर रूप से घायल कपिल को पुलिस मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि कपिल अपने भाई अतुल के साथ ट्रांसपोर्ट और डीजे में गाड़ी लगाने का काम करता था।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी कपिल का पीछा करते और हमला करते दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस ने निकाला आरोपियों का जुलूस

आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने शहर में उनका जुलूस भी निकाला। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में आरोपियों को घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में ले जाया गया।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

मदन महल थाना प्रभारी धीरज राज ने बताया कि मामले में अंकुश, निहाल सहित एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

अन्य ख़बरें

मादक पदार्थों के खिलाफ जबलपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 42 किलो नशे का सामान जब्त, 7 आरोपी गिरफ्तार

Newsdesk

इंदौर से वसूली करने आए व्यापारी से लूट का खुलासा, 24 घंटे में 5 आरोपी गिरफ्तार

Newsdesk

राहुल गांधी और पाकिस्तान की भाषा में कोई अंतर नहीं दिखाई देता : नितेश राणे

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading