कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व को पूर्वी कोलकाता स्थित पार्टी के अस्थायी मुख्यालय ‘तृणमूल भवन’ को खाली करने का नोटिस मिला है। ईएम बाईपास के पास टॉपसिया इलाके में स्थित किराए की उस बहुमंजिला इमारत के मालिक ने पार्टी से इमारत खाली करने को कहा है। यह इमारत पिछले कुछ वर्षों से तृणमूल कांग्रेस का मुख्यालय रही है। बताया जा रहा है कि विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद इमारत के बाहर हुई तोड़फोड़ की घटनाओं और सुरक्षा संबंधी चिंताओं को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। इस आलीशान बहुमंजिला इमारत के मालिक मोंटू साहा हैं। वह राज्य की जानी-मानी कंपनी ‘मॉडर्न डेकोरेटर्स’ के प्रमुख हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने मौखिक रूप से तृणमूल नेतृत्व को इमारत खाली करने के बारे में सूचित किया है।
साहा ने यह भी स्पष्ट किया है कि इमारत खाली करने के लिए समय सीमा तय कर दी गई है। उन्होंने बताया कि उनकी तृणमूल नेतृत्व से बातचीत हुई थी और पार्टी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि अगले दो महीनों के भीतर इमारत पूरी तरह खाली कर दी जाएगी।
हाल के दिनों में राज्य में राजनीतिक उथल-पुथल देखने को मिली है। हालांकि, मोंटू साहा ने कहा कि इसके पीछे कोई राजनीतिक मकसद, दबाव या अन्य कारण नहीं था। है। इस अस्थायी कार्यालय में पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी और महासचिव अभिषेक बनर्जी के लिए अलग-अलग सुसज्जित कमरे तैयार किए गए थे।


