39.9 C
Jabalpur
May 24, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

ईसाई समुदाय ने श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया कलीसिया दिवस


जबलपुर। सदर स्थित महागिरजाघर सेंट पीटर एंड पॉल कैथड्रल में रविवार को ईसाई समुदाय द्वारा कलीसिया दिवस अर्थात पेंटेकोस्ट पर्व श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर चर्च परिसर में विशेष प्रार्थना सभाओं एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ईसाई समुदाय के लोग शामिल हुए। पूरे गिरजाघर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और भक्तिमय वातावरण में श्रद्धालुओं ने प्रभु येशु की आराधना की।
ईसाई धर्म में पेंटेकोस्ट पर्व का विशेष महत्व माना जाता है। यह पर्व ईस्टर के ठीक 50 दिन बाद मनाया जाता है। मान्यता है कि इस दिन प्रभु येशु अपने शिष्यों को दर्शन देकर उन्हें शांति प्रदान करते हैं तथा पवित्र आत्मा का वरदान देते हैं। इसी दिन प्रभु येशु के शिष्यों को आध्यात्मिक शक्ति प्राप्त हुई थी, जिसके बाद उन्होंने मानवता और प्रेम का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। यही कारण है कि समस्त ईसाई कलीसिया इस दिन को अपने जन्म दिवस के रूप में भी मनाती है।
इस अवसर पर महागिरजाघर में जबलपुर डायसिस के विकार जनरल डॉ. फादर डेविस जॉर्ज द्वारा पवित्र रविवारीय मिस्सा बलिदान अर्पित किया गया। उन्होंने अपने संदेश में प्रभु येशु के चमत्कारों, त्याग, प्रेम और मानव सेवा की भावना पर प्रकाश डालते हुए लोगों से आपसी भाईचारे और शांति बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पवित्र आत्मा मनुष्य को सत्य, प्रेम और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।
कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक प्रार्थना कर विश्व शांति, मानव कल्याण और समाज में सौहार्द बनाए रखने की कामना की। आयोजन को सफल बनाने में जॉन डेविड, रेशलू पीटर, मनोज अंथोनी, जुसिया सहित चर्च समिति के अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।

अन्य ख़बरें

रोमांचक मुकाबलों में MMK, सिद्ध बाबा और कैंट हीरोज़ की टीम बनी विजेता

Newsdesk

ब्रांडेड कम्पनी की जेनरिक मेडिसन भी मिले तो कुछ संतोष हो।  सीजीएचएस सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न

Newsdesk

शास्त्री ब्रिज की बदहाल स्थिति से बढ़ी लोगों की चिंता

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading