बालाघाट जिले में 25 मई से 31 मई तक आयोजित किए जा रहे विश्व तंबाकू निषेध सप्ताह के अंतर्गत जिला चिकित्सालय बालाघाट में शपथ ग्रहण एवं हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, मरीजों एवं उनके परिजनों को किसी भी रूप में तंबाकू का सेवन न करने की शपथ दिलाई गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परेश उपलव ने बताया कि 31 मई 2026 को विश्व तंबाकू निषेध दिवस मनाया जाएगा। कलेक्टर श्री मृणाल मीणा के निर्देशानुसार जिले एवं ब्लॉक स्तर पर 25 से 31 मई तक हस्ताक्षर अभियान, शपथ ग्रहण, विद्यालय एवं महाविद्यालयों में काउंसिलिंग, योगाभ्यास तथा जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ परेश उपलप,सिविल सर्जन डॉ. निलय जैन, कोटपा एक्ट की नोडल अधिकारी डॉ. षलुभा मचगाहे सहित अन्य चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं बड़ी संख्या में मरीज एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।
सीएमएचओ डॉ. उपलव ने बताया कि इस वर्ष विश्व तंबाकू निषेध दिवस की थीम “अपील को उजागर करना – निकोटिन एवं तंबाकू की लत से लड़ना” निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि तंबाकू उत्पादों का बढ़ता उपयोग विश्वभर में असमय मृत्यु का प्रमुख कारण बन रहा है। सार्वजनिक स्थानों पर अप्रत्यक्ष धूम्रपान के कारण बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में सभी नागरिकों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहते हुए तंबाकू एवं उससे बने उत्पादों का पूर्ण बहिष्कार करना चाहिए।
कोटपा एक्टस में की गई चालानी कार्रवाई
इसी क्रम में 25 मई को जिला चिकित्सालय परिसर में कोटपा एक्ट-2003 के तहत चालानी कार्रवाई भी की गई। अस्पताल परिसर में तंबाकू एवं तंबाकू जन्य पदार्थों का सेवन करते पाए जाने पर धारा-4 के अंतर्गत चालान काटे गए तथा लोगों को तंबाकू की लत छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया।


