39 C
Jabalpur
May 28, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

कटंगा में बोरे में मिला मृत गोवंश, क्षेत्र में बढ़ी हलचल

हिंदू धर्म सेना ने जताई माहौल बिगाड़ने की आशंका, पुलिस ने शुरू की जांच
जबलपुर। शहर के कटंगा क्षेत्र में स्थित लिटिल वर्ल्ड स्कूल के पास उस समय हड़कंप मच गया जब कचरा मैदान के समीप एक बोरे में बंद मृत गोवंश (बछड़ा) मिला। घटना की जानकारी फैलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस बल भी तत्काल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस अधिकारी उदय भान ने बताया कि बाउंड्री वॉल के किनारे पड़े बोरे से मृत गोवंश बरामद किया गया है। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सालय भिजवा दिया है। प्रारंभिक जांच में शव करीब दो से तीन दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज और अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच कर रही है ताकि घटना से जुड़े लोगों की पहचान की जा सके।
घटना की सूचना मिलते ही हिंदू धर्म सेना के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। संगठन के नेताओं ने इस घटना पर कड़ा विरोध जताते हुए आरोप लगाया कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहर का सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की मंशा से इस प्रकार की हरकत की गई हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है।
हिंदू धर्म सेना के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन करने को मजबूर होगा। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों और कार्यकर्ताओं को समझाइश देते हुए भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
स्थिति को देखते हुए पुलिस द्वारा क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अन्य ख़बरें

वन विकास निगम में 6000 रुपए लाओ, जलाऊ चट्ठा पाओ

Newsdesk

*कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्यवाही: अवैध बूचड़खाने पर दबिश

Newsdesk

कर्नाटक के सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद सिद्दारमैया का बयान, ‘मैं अपनी आखिरी सांस तक राजनीति में रहूंगा’

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading