छपारा :- नगर के बस स्टैंड परिसर में शुक्रवार शाम एक अनूठी भजन संध्या का आयोजन देखने को मिला। उड़ीसा के नवरंगपुर से आई जीवन नेत्रहीन कलाकारों की सात सदस्यीय टीम ने शाम करीब 6 बजे बस स्टैंड परिसर में मंच सजाकर भक्ति गीतों और भजनों की प्रस्तुति दी,जिसका लोगों में इतना जबरदस्त क्रेज देखा गया कि उक्त कार्यक्रम देर रात दस बजे तक चला।
ज्ञात हो कि बाहर से इन कलाकारों ने टेबलों को मंच के रूप में तैयार कर साउंड सिस्टम और माइक की सहायता से कार्यक्रम की शुरुआत की। मधुर संगीत और सुरमयी प्रस्तुतियों ने वहां से गुजर रहे लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लिया। कलाकारों की गायकी और वाद्य प्रस्तुति इतनी प्रभावशाली रही कि श्रोता देर तक कार्यक्रम का आनंद लेते रहे। नेत्रहीन होने के बावजूद कलाकारों की प्रतिभा और आत्मविश्वास ने लोगों को काफी प्रभावित किया।
टीम के एक सदस्य ने बताया कि वे बारिश के मौसम को छोड़कर पूरे वर्ष देश के विभिन्न राज्यों और शहरों में भ्रमण कर भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करते हैं, साथ ही लोगों द्वारा स्वेच्छा से दिए जाने वाले दान और सहयोग से ही उनकी आजीविका चलती है।उन्होंने बताया कि उनकी टोली में दो पुरुष और चार नेत्रहीन महिलाएं शामिल हैं। वर्तमान में सभी कलाकार सिवनी नगर के एक निजी लॉज में ठहरे हुए हैं। सिवनी शहर के विभिन्न स्थानों पर भी उनके द्वारा भजन संध्या कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जिसका लोगों के द्वारा अच्छा प्रतिसाद मिला।
वहीं छपारा नगर में हुए कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे जिन्होंने कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन के साथ खुलकर लोगों स्वेच्छा से इन कलाकारों को दान किया।


