जबलपुर। जिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत राजस्व विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहपुरा तहसील के ग्राम नीमखेड़ा झांसीघाट में अवैध रूप से संग्रहित लगभग 65 डंपर रेत जप्त की है। यह कार्रवाई कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर की गई, जिन्होंने जिले में खनिज संपदा के अवैध दोहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संबंधित अधिकारियों को लगातार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
अनुभागीय राजस्व अधिकारी (एसडीएम) शहपुरा मदन सिंह रघुवंशी ने बताया कि राजस्व विभाग को क्षेत्र में अवैध रूप से रेत भंडारण किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर तहसीलदार राजीव मिश्रा के नेतृत्व में राजस्व अमले ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां बड़ी मात्रा में रेत अवैध रूप से संग्रहित पाई गई। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर लगभग 65 डंपर रेत को जप्त कर नियमानुसार कार्रवाई प्रारंभ की गई।
एसडीएम रघुवंशी ने बताया कि जप्त की गई रेत के उत्खनन एवं भंडारण में शामिल व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। इसके लिए राजस्व विभाग द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है तथा संबंधित लोगों के विरुद्ध खनिज नियमों और राजस्व कानूनों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। आने वाले दिनों में भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जांच और छापामार कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में नायब तहसीलदार महेश सोलंकी, राजस्व निरीक्षक, संबंधित पटवारी तथा राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध रेत कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति देखी गई है। अधिकारियों ने आमजन से भी अपील की है कि अवैध खनन अथवा भंडारण की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


