डिंडोरी सी टाइम्स । राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने अपने भ्रमण कार्यक्रम के तहत विकासखंड बजाग की ग्राम पंचायत चाड़ा सिलपिड़ी पहुंचकर मिलेट्स एंबेसडर लहरी बाई के निवास पर स्थापित 150 बीज भंडार केंद्र का अवलोकन किया। उन्होंने बीज संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में लहरी बाई द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ अंचल में रहकर पारंपरिक बीजों के संरक्षण का यह प्रयास प्रेरणादायक है। और मिलेट्स अन्न पोषण आहार से भरपूर रहते हुए स्वास्थयवर्धक है।
भ्रमण के दौरान कानूनगो ने लहरी बाई एवं उनके परिवारजनों से आत्मीय चर्चा कर उनकी सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बताया कि बीज संरक्षण एवं मोटे अनाजों के प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान के कारण देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लहरी बाई को मिलेट्स एंबेसडर के रूप में पहचान मिली है। कानूनगो ने ग्राम पंचयात सचिव एवं जनपद सीईओ को अन्न भंडार भवन पर लहरी बाई के साथ बीज की सूची का बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर लहरी बाई ने राशन कार्ड एवं वनभूमि पट्टा उपलब्ध कराने की मांग रखी। जिस पर कानूनगो ने उपस्थित तहसीलदार एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिवार को आवास योजना एवं वनभूमि पट्टा का लाभ दिलाने के संबंध में भी अधिकारियों से चर्चा की। साथ ही जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विकासखंड समनापुर के ग्राम पंचयात कमको मोहनिया में ग्रामीणजनों की चौपाल लगाकर उनकी मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को शासकीय योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान एसडीएम बजाग अक्षय डिगरसे, जनपद सीईओ सचिन अग्रवाल, तहसीलदार सुंदर यादव, सरपंच, सचिव संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
———————————————-


