जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर सोमवार को कुलगुरु कार्यालय में आयोजन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा ने की।
कुलगुरु प्रो. वर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय का 36वां दीक्षांत समारोह एक गरिमामय अकादमिक आयोजन के रूप में संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्वर्ण पदक एवं पीएचडी उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है, जिसकी अंतिम तिथि 15 जून निर्धारित की गई है।
दीक्षांत समारोह आयोजन समिति के मुख्य संयोजक प्रो. एस.एस. संधू ने बताया कि बैठक में समारोह की विस्तृत रूपरेखा, मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम तथा विभिन्न समितियों के कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही आमंत्रण पत्रों की तैयारी, उपाधियों की छपाई, मंच व्यवस्था (डायस प्लान) और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
विश्वविद्यालय का 36वां दीक्षांत समारोह माननीय कुलाधिपति एवं राज्यपाल सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों की स्वीकृति के अधीन 20 एवं 21 जून 2026 को प्रस्तावित है। बैठक में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तथा पीएचडी उपाधिधारकों की सूची को अंतिम रूप देने के साथ ही उनके पंजीयन संबंधी व्यवस्थाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
पं. कुंजीलाल दुबे प्रेक्षागृह में बैठक व्यवस्था, स्वच्छता, सीसीटीवी निगरानी एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए विभिन्न समितियों के संयोजकों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया। समारोह के सफल आयोजन के लिए गठित मंच व्यवस्था, आमंत्रण, स्वागत एवं अन्य समितियों के कार्यों की भी समीक्षा की गई।
बैठक का संचालन कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल ने किया। इस अवसर पर प्रो. राकेश बाजपेयी, परीक्षा नियंत्रक प्रो. एस.के. दुबे, प्रो. सुरेन्द्र सिंह, प्रो. धीरेन्द्र पाठक, प्रो. ममता राव, डॉ. लोकेश श्रीवास्तव, प्रो. आशीष शर्मा, प्रो. जे.के. मैत्रा, सहायक कुलसचिव पवन साहू सहित विभिन्न समितियों के संयोजक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


