परसवाड़ा। थाना प्रभारी निरीक्षक मदन इवने के स्थानांतरण पर शनिवार को थाना परिसर में विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसडीओपी अरविंद शाह, थाना स्टाफ, पत्रकारों एवं गणमान्य नागरिकों ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके कार्यकाल की उपलब्धियों की सराहना की।
समारोह में थाना स्टाफ ने श्री इवने का शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि उनके लगभग 15 माह के कार्यकाल में परसवाड़ा क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुदृढ़ रही तथा पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ। पत्रकार हर्ष पाण्डेय ने कहा कि श्री इवने ने प्रत्येक मामले का निष्पक्ष एवं गंभीरता से निराकरण किया तथा मीडिया, व्यापारियों और नागरिकों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखे।
एसडीओपी अरविंद शाह ने कहा कि मदन इवने ने हर चुनौती का कुशलतापूर्वक सामना किया। उनके नेतृत्व में परसवाड़ा थाना आईएसओ मानकों के अनुरूप विकसित हुआ तथा थाना परिसर की स्वच्छता और व्यवस्थाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ। पत्रकार संघ के संरक्षक देवेन्द्र डहरवाल ने उनकी पारदर्शी कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में पुलिस विभाग की सकारात्मक छवि बनी रही।
अपने उद्बोधन में मदन इवने ने कहा कि उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों, थाना स्टाफ, पत्रकारों और क्षेत्रवासियों का निरंतर सहयोग मिला। उन्होंने कहा कि आईएसओ मान्यता, स्वच्छता अभियान, विद्यांजलि अभियान एवं खेल गतिविधियों जैसी उपलब्धियां सभी के सहयोग से संभव हो सकीं। उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि परसवाड़ा की स्मृतियां सदैव उनके साथ रहेंगी।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनों ने श्री इवने को स्मृति चिन्ह एवं उपहार भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर एसडीओपी अरविंद शाह, देवेन्द्र डहरवाल, राकेश मिश्रा, विशाल महानंद, पंकज जैन, अशोक गिरी गोस्वामी, हर्ष पाण्डेय, नरेंद्र शरणागत, सूनेश उइके, उपनिरीक्षक जी.एल. अहिरवार सहित थाना एवं एसडीओपी कार्यालय का पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।


